रुद्रपुर। खोपा गांव में कोटे की दुकान को लेकर उपजा विवाद बढ़ता जा रहा है। दुकान की बहाली के बाद डीएम के घेराव के दौरान प्रधान की गिरफ्तारी को लेकर रुद्रपुर प्रधान संघ आंदोलित है। गुरुवार को प्रधानों ने विकास खंड कार्यालय में तालाबंदी कर धरना दिया। उन्होंने खोपा के प्रधान अशोक यादव को रिहा कर कोटे की दुकान निरस्त करने की मांग की। प्रधानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि खोपा गांव का कोटेदार गरीबों का राशन हजम कर रहा है। लापरवाही पकड़े जाने के बाद उसकी दुकान निलंबित कर दी गई थी, लेकिन अधिकारियों और नेताओं की मिलीभगत से नियमों को ताक पर रख दुकान बहाल कर दी गई। इस बात का गांववालों ने विरोध किया। बावजूद इसके प्रशासनिक अधिकारियों ने मनमानी की। गांव की 400 महिलाओं और पुरुष के साथ खोपा के प्रधान अशोक यादव जब मांग को लेकर डीएम के पास पहुंचे तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। प्रधान संघ के अध्यक्ष प्रदीप यादव ने कहा कि शासन-प्रशासन प्रधानों का उत्पीड़न कर रहा है। धरना देने वालों में नरेंद्र यादव, वंश बहादुर, उपेंद्र तिवारी, राजू निषाद, सुरेंद्र गुप्ता आदि प्रधान मौजूद रहे।