दबंग द्वारा ठाकुर गौरी गांव में तोड़ी गई छठ बेदी
- फोटो : अमर उजाला
सलेमपुर। ग्रामसभा की जमीन पर बनाई गई गांव की छठ वेदियों को गांव के एक दबंग ने तोड़ दिया। छठ वेदियों की रंगाई-पुताई भी रोक दी। इससे नाराज गांववाले कोतवाली पहुंचकर हंगामा करने लगे। मामला बढ़ता देख पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को देख दबंग गांव छोड़ भाग गया। इसको लेकर गांव में तनाव बना है। लोगों ने पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा है कि आरोपी पर कार्रवाई नहीं हुई तो गांव के लोग छठ नहीं मनाएंगे। कोतवाली थाना के ठाकुर गौरी के लोग गांव के बाहर ग्रामसभा की जमीन पर पोखरे के किनारे वर्षों से छठ वेदी बनाकर पूजा करते हैं। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी लोग छठ पूजा की तैयारी में जुटे थे। इसी बीच गांव का एक दबंग पहुंचा और जमीन को अपना पट्टा बताते हुए छठ वेदियों को तोड़ दिया। वहां मौजूद लोगों को जमीन पर साफ सफाई नहीं करने की हिदायत दी। इससे नाराज गांव के लोग ट्रैक्टर ट्रॉली से कोतवाली पहुंच गए। वहां नारेबाजी करते हुए लोगों ने कोतवाली का घेराव किया। लोगों का तेवर देख पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को देख दबंग गांव छोड़कर भाग गया। पुलिस के रवैए से गांववाले नाखुश हैं। लोगों का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के बजाए दबंग का साथ दे रही है। घेराव करने वालों में जानकी देवी, शैला देवी, मंजू देवी, प्रभावती देवी, कुसुम देवी, कमलावती देवी, दुर्गावती देवी, नर्मदा देवी समेत सैकड़ों लोग शामिल रहे। तहसीलदार ओमप्रकाश ने बताया कि संबंधित लेखपाल से मामले की पड़ताल कराई जा रही है।