सलेमपुर। मक्का मदीना में हज को गए एक पूर्व शिक्षक की मौत हो गई। मौत की वजह हॉर्टअटैक बताई जा रही है। साथियों ने इसकी जानकारी घरवालों को दी। खबर मिलते ही मातम छा गया और दरवाजे पर लोगों की भीड़ जुट गई। घरवाले शव का इंतजार कर रहे हैं। लार के दक्षिण मोहल्ला निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक कादिर लारी हज के लिए एक माह पहले घर से साथियों के साथ रवाना हुए। सऊदी अरब के मक्का मदीना अभी पहुंचे थे। रविवार की रात एक होटल में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। वहां के डॉक्टरों की जांच में हॉर्टअटैक से मौत होने की पुष्टि हुई है। साथ में गए लोगों ने इसकी सूचना सोमवार की सुबह घरवालों को दी। इसकी खबर मिलते ही मोहल्ले वालों और शुभचिंतकों की भीड़ पहुंच गई। उनकी मौत के बाद पत्नी इशरत जहां, फैसल, गजाली सैफ, राजू, फतह और जोनी सदमे में हैं। देर शाम तक शव घर नहीं पहुंचा था।