बरहज। एक महिला ने रिश्ते में ससुर लगने वाले व्यक्ति पर रास्ते में छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर मंगलवार सुबह दोनों के परिजनों में जमकर मारपीट भी हुई। पुलिस आरोपी को थाने ले आई। सावन में कांवड़िए सरयू तट से जल भरकर शिव के जलाभिषेक के लिए पैदल यात्रा कर रहे हैं। सोमवार शाम को एक गांव की महिला एक व्यक्ति और अन्य लोगों के साथ जलाभिषेक के लिए पैदल यात्रा पर निकली थी। महिला का आरोप है कि सभी कपरवार पहुंचकर एक जगह विश्राम करने लगे। इसी बीच रिश्ते के ससुर ने कोल्ड ड्रिंक पिलाने के बहाने गलत नीयत से छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर भी जब वह नहीं माने तो एक व्यक्ति ने उन्हें पीट दिया। महिला का कहना है कि पति पश्चिम बंगाल में एक फैक्ट्री में कार्य करते हैं। महिला ने बताया कि थाने पर शिकायत करने पर उसके घरवालों ने मारपीट की। प्रभारी थाना निरीक्षक सत्येंद्र पांडेय ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।