त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन की तिथि घोषित
छह जुलाई को होगा मतदान, 12 ब्लॉकों में 124 रिक्त पदों पर होंगे चुनाव
26 जून होगी नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। निर्वाचन कार्यालय की ओर से ग्राम पंचायतों में रिक्त पदों पर चुनाव कराने की तैयारी तेज कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी अमित किशोर ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर पंचायत चुनाव की रूपरेखा बनाई। इसमें ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व वार्ड सदस्य पद पर चुनाव कराए जाएंगे। 26 जून नामांकन की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। 27 को नामांकन प्रपत्रों की जांच की जाएगी। 28 जून अपराह्न तीन बजे तक पर्चा वापस लेने व चुनाव चिह्न वितरण की तिथि घोषित की गई है। छह जुलाई सुबह सात से अपराह्न पांच बजे तक संबंधित ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। आठ जुलाई को परिणाम घोषित किए जाएंगे। जनपद स्थित 12 ब्लॉकों में कुल 124 पद रिक्त हैं। गौरीबाजार ब्लॉक में नौ, देवरिया सदर में आठ, देसही देवरिया में नौ, पथरदेवा में छह, बैतालपुर में सात, बनकटा 18, भटनी में नौ, भलुअनी में 17, भागलपुर में एक, रुद्रपुर में 15, सलेमपुर में 13 ग्राम पंचायत सदस्यों के चुनाव होंगे। वहीं, लार के बलियवां, बनकटा के बासोपट्टी, रुद्रपुर के रामचक, लार के मटियरा जगदीश व सलेमपुर के बढपुरवां ग्रामसभा में प्रधान का चुनाव होना है। क्षेत्र पंचायत के कुल सात पद रिक्त हैं। चुनाव प्रक्रिया सकुशल संपन्न कराने के लिए 12 निर्वाचन अधिकारी नामित किए गए हैं। इसके अलावा आठ अधिकारी रिजर्व में रहेंगे।