सीआरपीएफ जवान कर रहे हैं ईवीएम की सुरक्षा
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। मतदान के बाद जिले के सातों विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम को महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में लाया गया। यहां विधानसभावार बने स्ट्रांग रूम में ईवीएम को बंद कर दिया गया। संबंधित आरओ की मौजूदगी में सुबह तीन बजे स्ट्रांग रूम को सील किया गया। सीआरपीएफ के जवानों को स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में लगाया गया है। गेट के बाहर पीएसी के जवान भी मुस्तैदी से ड्यूटी दे रहे हैं। लोकसभा व विधानसभा चुनाव की गणना अभी तक कलेक्ट्रेट में होती थी। इस बार डीएम अमित किशोर ने महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में मतगणना के लिए व्यवस्था कराया है। मतदान समाप्त होने के बाद रविवार की देर रात तक मतदानकर्मियों ने महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में ईवीएम अफसरों की मौजूदगी में जमा किया। भोर में कर्मचारियों ने विधानसभावार रखे गए ईवीएम को कमरे में सील किया। इसकी सुरक्षा में एक प्लाटून सीआरपीएफ जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। गेट पर पीएसी और स्थानीय पुलिस मुस्तैद है। दाखिल होने वाले कर्मचारी या अन्य लोगों का पास बनाया जा रहा है और उनका पूरा ब्योरा लेने के बाद ही परिसर में प्रवेश दिया जा रहा है। एडीएम प्रशासन राकेश पटेल ने बताया कि ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है। अब 23 मई को सुबह आठ बजे ही स्ट्रांग रूम को खोला जाएगा।