जिला अस्पताल में निरीक्षण के दौरान मरीज से पूछताछ करते डीएम अमित किशोर।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। डॉक्टरों की लेटलतीफी व लापरवाही की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद शुक्रवार को डीएम अमित किशोर ने जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। साफ-सफाई व्यवस्था व डॉक्टरों की उपस्थिति समय से सुनिश्चित कराने के निर्देश सीएमएस को दिए। अस्पताल आने वाले हर मरीज को त्वरित और बेहतर उपचार मुहैया कराने का निर्देश दिया। डॉक्टर-कर्मचारियों को भी पूरी सजगता से काम करने को कहा। डीएम ने बीबीआरसी, ब्लड बैंक, इमरजेंसी वार्ड, आपरेशन थियेटर, प्लास्टर रूम आदि का जायजा लिया। कहा कि किसी भी प्रकार की धन उगाही की शिकायत मिलती है तो जांच कराते हुए संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में वही व्यक्ति आता है, जिसे स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरत होती है, लिहाजा हर मरीज के साथ अपनत्व का व्यवहार करते हुए बेहतर इलाज दें। यह एक पुण्य का कार्य भी है, जिसके लिए आप लोगों को अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि बीबीआरसी मानक के अनुरूप नहीं हैं, इसे अन्यत्र स्थापित कराएं, जिससे इसमें बच्चे आसानी से रह सकें।