बाइक सवार नकाबपोश दो बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम, हवाई फायरिंग करते हुए भागे बदमाश
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सुरौली थाना से करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर देवरिया-पकड़ी मार्ग पर अनिरुद्ध पकड़ी गांव के पास बाइक सवार नकाबपोश दो बदमाशों ने बुधवार शाम इंडसइंड बैंक के एक कर्मचारी से डेढ़ लाख नकद लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश हवा में फायरिंग करते हुए फरार हो गए। कर्मचारी पकड़ी बाजार से कलेक्शन कर लौट रहा था।
भाटपाररानी निवासी संतोष भारती इंडसइंड बैंक में फाइनेंस कर्मचारी हैं। वह बुधवार शाम पकड़ी बाजार से कलेक्शन कर बाइक से देवरिया आ रहा था। वह देवरिया- पकड़ी मार्ग पर पकड़ी अनिरुद्ध गांव के सामने पहुंचा था कि अचानक मुंहबांधे अपाची बाइक से दो बदमाश पहुंचे और उन्हें रोक दिए। संतोष अभी कुछ समझ पाते कि एक बदमाश ने तमंचा लगाकर रुपये से भरा बैग छीन लिया। जबकि दूसरा बदमाश बाइक पर बैठा रहा। इसके बाद संतोष ने पीछा करने की हिम्मत जुटाई, लेकिन बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए वापस देवरिया की तरफ फरार हो गए। युवक ने थाने पहुंच पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर एसओजी और एसपी संकल्प शर्मा भी पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। सीओ अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। घटना की जांच चल रही है। लूट का शिकार युवक बार-बार बयान बदल रहा है। उसके मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया गया है। युवक को लेकर एसओजी हकीकत का पता लगाने में जुटी हुई है।