संवाद न्यूज एजेंसी
लार/चनुकी। स्वामी देवानंद पीजी कॉलेज मठ लार में बीएड की परीक्षा दे रहे छात्रों में डेढ़ दर्जन छात्र बेहोश हो गए। आनन-फानन कॉलेज के लोग ओआरएस का घोल व पानी का छींटा मार कर सभी को होश में लाए। वहीं, काॅलेज के एक परिचारक को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के बाद घर भेज दिया गया। परीक्षा के दौरान एक साथ इतने छात्रों के बेहोश होने को लेकर कॉलेज प्रशासन सकते में आ गया था। लेकिन धीरे-धीरे स्वस्थ हो गए तो कॉलेज प्रशासन ने राहत की सांस ली।
भीषण गर्मी में बीएड विभाग की परीक्षा का आयोजन किया गया है। लार कस्बा स्थित स्वामी देवानन्द पीजी काॅलेज मठ लार के परीक्षा केंद्र संख्या 145 में बीएड विभाग सत्र 2023-24 की परीक्षा बृहस्पतिवार को रही थी। इस सेंटर पर कुल अलग-अलग सात महाविद्यालयों के परीक्षार्थियों की परीक्षा हो रही थी। भीषण गर्मी के चलते सुबह पाली में लगभग 10 छात्र और शाम की पाली में लगभग पांच छात्र गर्मी के कारण बेहोश हो गए। परीक्षा के दौरान परिचारक राम प्रवेश मणि भी बेहोश हो गए। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
परीक्षा के दौरान छात्रों की हालत खराब होने के बाद इस खबर को किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए विश्वविद्यालय से गर्मी में परीक्षा न कराने बल्कि गर्मी के बाद कराने की मांग की है।
इस संबंध में केंद्राध्यक्ष ब्रह्मानंद सिंह ने बताया कि सभी को ओआरएस का घोल पिलाया गया। उसके बाद सभी परीक्षा में शामिल हुए।