देवरिया। वीआईपी नेताओं के कार्यक्रम को लेकर स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो गया है। बुधवार को रुद्रपुर में सीएमओ ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल सतासी इंटर कॉलेज और सीएचसी का निरीक्षण किया। कार्यक्रम स्थल के साथ सीएचसी में सेफ हाउस बनाने का निर्देश दिया। इनके कार्यक्रम में तीन एक्सपर्ट डॉक्टरों की टीम लगाई जाएगी। सुबह करीब 10 बजे सीएमओ रुद्रपुर सीएचसी पर पहुंचे। यहां कुछ कर्मचारी देर से ड्यूटी पर पहुंचे। उन्हें हिदायत देने के बाद सीएचसी प्रभारी के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए रूपरेखा तय किया। सीएमओ ने बताया कि लार में नौ को गृहमंत्री राजनाथ सिंह और 12 को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में तीन एक्सपर्ट डॉक्टरों की टीमें लगाई गई हैं। एक टीम हेलीपैड, दूसरी टीम कार्यक्रम स्थल और तीसरी टीम अस्पताल पर रहेगी। सीएमओ डॉ. धीरेंद्र कुमार ने बताया कि लार और रुद्रपुर सीएचसी के अलावा जिला अस्पताल पर भी अलर्ट रहेगा। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री का ब्लड ग्रुप भी मंगा लिया गया है। पेय पदार्थ या नाश्ता, भोजन चेक करने के लिए एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह की ड्यूटी लगाई गई है।