गौरीबाजार। 24 घंटे के अंतराल में दो किशोरियों सहित चार महिलाओं की चोटी कट गई। बेहोशी की हालत में उन्हें स्वास्थ्य केंद्र सहित जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पहली घटना शुक्रवार को देर रात कस्बे के राजकीय बस स्टेशन के समीप हुई। जनरल स्टोर मालिक महावीर मद्धेशिया की पत्नी विमला देवी की चोटी कट गई। विमला भोजन करने के बाद सोने जा रहीं थीं। विमला के अनुसार अचानक उनके सामने अंधेरा छा गया वह बेहोश हो गईं। इस दौरान उनकी चोटी कट गई। दूसरी घटना बैतालपुर के मुकुंदपुर गांव में हुई। मोहम्मद सत्तार की पुत्री शहनाज की चोटी अचानक कट गई। शहनाज को देर रात जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। बगल के हर्रैया गांव में सुनैना पत्नी सुनील बाल कटने के कारण देर रात बेहोशी की हालत में स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराई गईं। चौथी घटना गौरी बाजार बस स्टेशन के पीछे मोहम्मद लतीफ की पुत्री रूबी के साथ हुई। शनिवार की सुबह वह परिजनों के साथ चाय पी रही थी। अचानक उसका बाल कटकर जमीन पर आ गिरा। रूबी ने बताया कि घटना से पूर्व उसकी आंखों के सामने अंधेरा छा गया था।