संपूर्ण थाना दिवस में डीएम के समक्ष आया था प्रकरण, जांच के बाद मामला हुआ दर्ज
रविवार के अंक का समाधान दिवस का पीडीएफ लगाए-
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के सामने शनिवार को संपूर्ण थाना दिवस के अवसर पर मईल थाने में आए सूदखोरी से जुड़े प्रकरण में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने टीम भेज कर पीड़ित की भूमि से कब्जा भी हटवाया दिया है। मईल थाना क्षेत्र के नरियाव गांव निवासी शिवदास पुत्र स्वर्गीय फतीगन ने थाना दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उन्होंने गांव के हरिशंकर सिंह से लगभग दस वर्ष पूर्व 62 हजार रुपये कर्ज लिया था। अभी तक वे एक लाख 20 हजार रुपये बतौर ब्याज चुका चुके हैं, लेकिन मूलधन चुकता नहीं हो पाया है। अभी हाल ही में आरोपी ने शिवदास का खेत जोत लिया और मना करने पर 2,89,000 रुपये सूद और मांगा, जिसे चुकता न करने पर दबंगों ने उनके खेत पर कब्जा कर लिया है। शिवदास ने बताया कि वह एक गरीब मजदूर हैं और खेत उनकी जीविका का एकमात्र साधन है। उन्होंने जिलाधिकारी से खेत को मुक्त कराने की गुहार लगाई। डीएम ने सीओ बरहज अंशुमन श्रीवास्तव को प्रकरण की जांच करने एवं आरोप सही पाए जाने पर सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया। साथ ही एसडीएम को खेत से अवैध कब्जा हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। जिलाधिकारी से निर्देश मिलने के बाद सीओ ने प्रकरण की जांच की और आरोपों को प्रथम दृष्टया सही पाया। मामले में शिवदास की तहरीर पर रविवार रात आरोपी हरिशंकर सिंह के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।