धन उगाही करने वाले स्कूलों की रद्द हो मान्यता
युवा एकता मंच ने जिला प्रशासन की सुस्ती पर जताई नाराजगी
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। युवा एकता मंच ने प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर रोक नहीं लगाए जाने पर जिला प्रशासन की सुस्ती पर आक्रोश जताया है। रविवार को महुआनी चौराहे पर संगठन की बैठक में सदस्यों ने फीस संबंधित नए कानून का पालन नहीं करने वाले स्कूलों की मान्यता रद्द किए जाने की मांग उठाई। मंच के अध्यक्ष सत्येंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार की घोषणा के बावजूद प्राइवेट स्कूल वाले मनमाना पैसा अभिभावकों से वसूल रहे हैं। इससे अभिभावक परेशान हैं। शिक्षा दिलाने के नाम पर प्राइवेट संस्थान की धन उगाही पर सरकारी मशीनरी लगाम लगा पाने में नाकामयाब साबित हो रही है। जबकि स्कूल संचालकों ने शिक्षा के मंदिर को धन कमाने का जरिया बना रखा है। ऐसे स्कूलों की जांच कर इनकी मान्यता रद्द की जानी चाहिए। इस दौरान विवेक पांडेय, तारा चौरसिया, दुर्गेश यादव, राजकुमार, धर्मेंद्र गुप्ता, करन त्रिपाठी, रामअशीष गुप्ता आदि मौजूद रहे।