रुद्रपुर में खाली चल रहा तहसीलदार का न्यायालय
प्रमाणपत्र बनवाने के लिए परेशान है जरूरतमंद
दुष्कर्म का केस दर्ज होने के बाद से फरार चल रहा निलंबित तहसीलदार
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। भाजपा नेत्री के साथ दुष्कर्म के आरोपी तहसीलदार अभयराज के फरार होने के छह दिन बाद भी रुद्रपुर में उनकी जगह पर किसी अधिकारी की तैनाती नहीं हुई। इस कारण तहसीलदार कार्यालय से जुड़ा कामकाज प्रभावित हो रहा हैं। विशेषकर प्रमाणपत्रों के जारी नहीं होने से प्रतियोगी परीक्षा और नामांकन कराने के लिए जरूरी आय, जाति और ईडब्लूएस का प्रमाणपत्र जारी नहीं हो पा रहा है।
रुद्रपुर में एक से पांच तारीख के बीच आय, जाति और इडब्लूएस से जुड़े करीब 1055 आवेदन लंबित चल रहे हैं। तहसीलदार अभयराज के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू हो जाने से उनके डिजिटल हस्ताक्षर का प्रयोग बंद कर दिया गया है। आय, जाति निवास प्रमाणपत्रों को जारी करने के पटल सहायक ने बताया कि सक्षम अधिकारी के नहीं रहने से प्रमाणपत्र जारी नहीं हो रहा है। तहसील में आरोपी तहसीलदार के स्थान पर किसी की तैनाती नहीं होने से समय सीमा के अंदर प्रमाणपत्र जारी नहीं हो रहा है। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बृजबिहारी पांडेय ने कहा कि तहसीलदार न्यायालय और कार्यालय का काम ठप होने से वादकारियों को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से तहसीलदार कार्यालय और न्यायालय का प्रभार किसी नायब तहसीलदार को देने या नए तहसीलदार की तैनाती करने की मांग की।