आज दो घंटे कार्य बहिष्कार पर रहेंगी नर्स
पुरानी पेंशन सहित अन्य मांगों को लेकर होगा आंदोलन
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। राजकीय नर्सेज संघ जिला इकाई की बैठक बुधवार को जिला अस्पताल की सहायक अधीक्षिका नर्सिंग के कार्यालय परिसर में हुई। इसमें प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर 11-12 अक्तूबर को आयोजित हड़ताल में शामिल होने का निर्णय लिया गया। सुबह आठ से 10 बजे तक कार्य बहिष्कार कर मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करने की रूपरेखा बनी। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार व एम्स-पीजीआई में अनुमन्य भत्ते, नर्सिंग संवर्ग के उच्च पदों के सृजन, पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली सहित अन्य मांगों को संघ लगातार उठाता आ रहा है। शासन-सत्ता की बेरुखी से इसे दरकिनार कर दिया गया है। नर्सेज संघ आम जनमानस की परेशानियों को देखते हुए कभी भी हड़ताल या कार्य बहिष्कार का हिमायती नहीं रहा, लेकिन सरकार की उपेक्षात्मक नीति के चलते विवश होना पड़ रहा है। 11-12 अक्तूबर को दो घंटे तक कार्य बहिष्कार कर विरोध दर्ज कराएंगे। इसके बाद भी सरकार नहीं चेती तो आंदोलन को उग्र रुप दिया जाएगा। बैठक की अध्यक्ष नवनाथ प्रसाद ने की। इसमें कमलेश सिंह, सलेहा खातून, हृदयानंद वर्मा आदि मौजूद रहे।