फिर बढ़ने लगा सरयू नदी का जलस्तर
भागलपुर। सरयू नदी का जलस्तर भागलपुर में चार दिन की कमी के बाद एक बार फिर बढ़ने लगा है। जलस्तर में लगातार हो रहे बढ़ाव से क्षेत्र में नालों के रास्ते पानी गांव की ओर फैलने लगा है। गांव नदी के पानी से घिरना शुरू हो गया है। तुरतीपार रेग्युलेटर पर नदी खतरे के निशान 64 मीटर 30 सेमी को पार कर 64 मीटर 80 सेमी पर पहुंच गई है। 24 घंटे में 40 सेमी की बढ़ोत्तरी हुई। भागलपुर मईल मार्ग पर पानी का दबाव बढ़ने से बंधे पर खतरा उत्पन्न हो सकता है। नदी का पानी भागलपुर, देवसिया, छित्तूपुर, नरियांव, मईल, तेलिया कला की गांवों को घेरने लगा है। एसडीएम बरहज घनश्याम ने बताया कि बाढ़ राहत चौकी वहीं हैं जो पिछले साल स्थापित थी। बीजीएम इंटर कॉलेज भागलपुर, जूनियर हाईस्कूल मईल, साधन सहकारी समिति मौना, सतरांव को बाढ़ राहत चौकी बनाया गया है। देवरहा बाबा आश्रम के लिए नाव की व्यवस्था कल तक कर दी जाएगी। लेखपाल कानूनगो से लोगों को चौकी पर रहने को कहा गया है। इसके लिए प्रशासन एलर्ट है।