खुखुंदू। समाधान दिवस में आए मामलों का समय से निस्तारण नहीं होने पर डीएम सुजीत कुमार भड़क उठे। सलेमपुर तहसील अंतर्गत 160 मामले लंबित देख कानूनगो और लेखपालों को डीएम ने फटकार लगाई। एक सप्ताह के अंदर सभी मामलों का निस्तारण नहीं होने पर सस्पेंड करने की चेतावनी दी। डीएम सुजीत कुमार और एसपी राकेश शंकर शनिवार को समाधान दिवस पर खुखुंदू थाने आए थे। डीएम और एसपी 11 से एक बजे तक खुखुंदू थाने में जमे रहे। थाना परिसर में फरियादियों की भीड़ देख डीएम ने लेखपालों से कहा, कोई लेखपाल मामले के निस्तारण में रूचि नहीं ले रहा है। लेखपालों की सबसे ज्यादा शिकायतें मिल रही है। यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद में समाधान दिवस से संबंधित 386 मामले हैं। डीएम ने नाराजगी जताते हुए सलेमपुर के तहसील के टाइप बाबू को तत्काल शिकायती रजिस्टर लेकर थाने बुला लिया। शिकायती रजिस्टर में सलेमपुर तहसील के 160 मामले समाधान दिवस के लंबित पाए जाने पर कानूनगो और संबंधित लेखपालों पर बिफर पड़े। डीएम ने खुखुंदू, सुरहां, खजुरी और पड़री झिल्ली पार के लेखपालों को फटकार लगाई। डीएम के कड़े तेवर देख लेखपालों में बेचैनी बढ़ गई। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि डॉ. संजीव शुक्ल, थानेदार मृत्युंजय पाठक, उपनिरीक्षक आनंद शंकर सिंह, परमात्मा राय, नरसिंह, राकेश सिंह, बागीश दीक्षित आदि मौजूद रहे।