पकड़ी बाजार। चोरी के आरोप में हीरामन परसिया गांव में दो युवकों की ग्रामीणों ने जमकर धुनाई पिटाई की। 24 घंटे तक बंधक बनाए जाने के बाद सोमवार की दोपहर गांववालों ने दोनों आरोपियों को मदनपुर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस युवकों से पूछताछ में जुटी है। 27 अक्टूबर को हीरामन परसिया गांव में गोपाल गोड़ के घर नकब काट कर चोरों ने करीब तीन लाख रुपये की चोरी कर दी। एक सप्ताह पहले बगल के पांडेय देवकली के ब्रजेश गुप्ता और खड़ेसर के हरिलाल यादव के घर चोरी हुई। गांववालों में चोरी की घटना को लेकर दहशत बनी थी। दो दिन से हीरामन परसिया गांव में नट बिरादरी के दो युवक संदिग्ध हालत में घूम रहे थे। रविवार को जब गांववालों ने पूछना शुरू किया तो दोनों युवक भागने की कोशिश करने लगे। गांववालों ने दोनों युवकों को पीटना शुरू कर दिया। दोनों को एक कमरे में 24 घंटे तक बंद रखा। सोमवार को चोर पकड़े जाने की खबर पर लोगों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने आरोपी युवकों को पुलिस को सौंप दिया। इस बाबत मदनपुर थानाध्यक्ष ने कहा कि युवकों से पूछताछ की जा रही है।