बरहज। सेमरा पुल से विसर्जन को ले जाई जा रही मूर्ति को एक गांव के कुछ लोगों ने रोक दिया। दोनों पक्षों में तनातनी हो गई। पुलिस ने मूर्ति को विसर्जन के लिए कपरवार भेजा। जन्माष्टमी पर जगह-जगह श्रीकृष्ण की मूर्ति स्थापित की गई थी। आयोजक मंडल ने बुधवार को मूर्ति विसर्जित की। बारीडीहा के पटखौली गांव में मूर्ति रखी गई थी। बुधवार को लोग मूर्ति विसर्जन के लिए निकले। लोग मूर्ति को मदनपुर कस्बा के हाजीनगर के रास्ते सेमरा पुल पर ले जा रहे थे। इस पर कुछ लोगों ने एतराज जताया। एक पक्ष पीडब्ल्यूडी की सड़क और पुल नजदीक होने का हवाला दे रहा था, जबकि दूसरा पक्ष उक्त रास्ते से मूर्ति विसर्जन नहीं होने की बात कह रहा था। कुछ देर बाद दूसरा पक्ष बाजार बंद कर मूर्ति विसर्जन कराने पर राजी हो गया, लेकिन कुछ दूरी पर पहुंचते ही भीड़ जुट गई और दोबारा रोक दिया। करीब आधे घंटे जद्दोजहद के बाद मामला बिगड़ता देख पुलिस ने मूर्ति को मुख्य मार्ग से कपरवार विसर्जन के लिए भेजा। थानाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश पाठक ने बताया कि मूर्ति विसर्जन को लेकर विवाद था। लेकिन समाधान हो गया।