मेहरौनाघाट। स्वामी देवाननंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय मठ लार के छात्रों की नाराजगी बढ़ती जा रही है। दूसरे दिन सोमवार को भी शिक्षकों और प्रिंसिपल के नहीं आने से नाराज छात्रों ने कॉलेज में ताला बंदी कर हंगामा करने लगे। यह देख शिक्षक और कर्मचारी भाग निकले, जिससे पठन-पाठन का कार्य नहीं हो सका। छात्रों ने बताया कि विद्यालय के कुछ शिक्षक और प्रिंसिपल आना नहीं चाहते हैं। सिर्फ महीने में एक दिन आकर हाजिरी बना देते हैं, ताकि तनख्वाह मिल सके। शिक्षकों के नहीं आने से छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बाधित होती है। जब तक शिक्षक पढ़ाने नहीं आएंगे, तब तक ताला बंदी कर उग्र प्रदर्शन चलता रहेगा। प्रदर्शन करने वालों में छात्रसंघ अध्यक्ष विनय सिंह, महामंत्री भीष्म प्रताप सिंह चौहान, रत्नेश यादव, सुनील सिंह, आसिफ लारी आदि छात्र नेता मौजूद रहे।