देवरिया। चकबंदी अधिकारी के स्थानांतरण की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार रोकने की बात कर रही है, लेकिन कलेक्ट्रेट में बैठे अधिकारी भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। प्रदर्शन जिला कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजबांके तिवारी और सेंट्रल बार के अध्यक्ष राणा सिंह के नेतृत्व में किया गया। अधिवक्ताओं ने जमकर नारेबाजी भी की। वह मांग करने लगे कि जिलाधिकारी खुद आकर ज्ञापन लें। प्रशासनिक अधिकारी अधिवक्ताओं को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक दोनों तरफ से नोकझोंक होती रही। वकीलों ने आरोप लगाया कि चकबंदी अधिकारी को उच्चाधिकारियों का संरक्षण प्राप्त है। यही वजह है कि उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस दौरान ललित नारायण पांडेय, चंद्रबली शुक्ला, संतशरण तिवारी, सुशील यादव आदि मौजूद रहे।