राहुल सिंह बने शहर कोतवाल, अधिवक्ताओं से विवाद के बाद भी लार थानाध्यक्ष की कुर्सी बरकरार
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने महकमे में शुक्रवार की देर शाम बदलाव किया है। उन्होंने 10 थाना प्रभारियों को बदल दिया है। इसमें तीन थाना प्रभारियों को लाइन हाजिर कर दिया है। तीन नए निरीक्षकों को जिम्मेदारी थाना प्रभारी के रूप में दी है। हालांकि, एसपी ने अधिवक्ताओं से विवाद के बाद भी लार के थानाध्यक्ष को बरकरार रखा है।
एसपी ने शहर कोतवाल कपिल देव चौधरी को बरहज का थाना प्रभारी बनाया है। एसपी के पीआरओ राहुल सिंह को शहर कोतवाल की जिम्मेदारी दी गई है। मीडिया सेल के प्रभारी गोपाल पांडेय को सलेमपुर कोतवाल, भटनी के थाना प्रभारी संतोष कुमार को खुखुंदू, यहां तैनात गोपाल राजभर को एकौना और एकौना के प्रभारी भवानी भीखम को भलुअनी का प्रभारी, साक्षी सुरक्षा प्रकोष्ठ के प्रभारी श्यामानंद को प्रभारी भटनी बनाया गया है।
एसपी ने सलेमपुर के कोतवाल जितेंद्र, भलुअनी के थाना प्रभारी बृजेश और जय शंकर मिश्र को लाइनहाजिर कर दिया है। एसपी ने बताया कि कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए बदलाव किया गया है।