तरकुलवा। थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को दिन दहाड़े एक सूनसान मकान को चोरों ने अपना निशाना बनाया। पीछे से खिड़की के रास्ते घर में घुसकर चोर लगभग 10 लाख रुपये के जेवर समेत अन्य सामान उड़ा ले गए। परिजन देर शाम जब घर पहुंचे तो जानकारी हुई। पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना क्षेत्र के बिशनपुर भूपति उर्फ चनहत्ता गांव निवासी क्यामुद्दीन अंसारी पुत्र नबी हसन तरकुलवा कस्बे में रहकर कपड़ा सिलाई की एक दुकान चलाते हैं। वह 25 दिसंबर को सुबह दुकान पर चले गए। इसी बीच अन्य परिजन घर में ताला बंद कर प्रसव पीड़ित बड़ी बहू को लेक कसया के एक निजी नर्सिंग होम में चले गए, जहां उसे भर्ती कराकर इलाज करा रहे थे। देर शाम जब परिजन वापस घर लौटे तो मेन दरवाजे का ताला टूटा देख दंग रह गए। जब वे भीतर गए तो देखा कि जेवर व अन्य सामान गायब थे। पीड़ित ने घटना की सूचना 112 नंबर पुलिस को देने के बाद तरकुलवा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि तहरीर मिली है। मौके पर पुलिस गई थी, बहुत जल्द चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।