खुखुंदू थाना क्षेत्र के दुलहूं गांव का मामला
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के दुलहूं गांव में रुपये लेनदेन को लेकर दो पक्षों में शनिवार की सुबह मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्षों से एक बुजुर्ग महिला समेत दस लोग घायल हो गए। सभी का नजदीक के अस्पताल में इलाज कराया गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए थाने पहुंच तहरीर दी है। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के दुलहूं गांव निवासी कन्हैया प्रसाद पड़ोस के छोटे लाल प्रसाद की पत्नी सुगंधि देवी को दस हजार रुपये दिए थे। आरोप है कि रुपये वापस लौटाने से सुगंधि देवी आनाकानी कर रही है। शनिवार सुबह कन्हैया की माता केशरी देवी रुपये मांगने सुगंधि के घर चली गई। इसी बीच दोनों के बीच किसी बात पर तकरार शुरू हो गई। आरोप है कि बुजुर्ग केशरी देवी को धक्का देकर गिरा दिया गया। बचाव करने पहुंचने पर सुगंधि का पक्ष लेते हुए बगलगीर पड़ोसियों ने नीलम कुमारी, माधुरी कुमारी और विनय कुमार को भी मारपीट कर घायल कर दिया। जबकि सुगंधि का आरोप है कि हर महीने में ब्याज देती हूं फिर भी मेरे घर में घुसकर मुझे मारा-पीटा गया। बचाव करने पर बेटी खुशी कुमारी, हीरानंदनी, सौम्या, बेटे सूरज कुमार और अन्नू कुमारी को मारपीट कर घायल कर दिया गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाया है। सुगंधि देवी को गंभीर चोटें आई हैं।
इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि रुपये लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। पुलिस मौके पर जांच करने गई है। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि मामला अभी मेरे संज्ञान में नहीं आया है।