खुखुंदू क्षेत्र के बैदौली गांव के पास एचटी तार पर टूटकर गिर गई थी पीपल की डाल
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। तेज हवा के साथ शुरू हुई बारिश में मंगलवार रात क्षेत्र के बैदौली गांव में एचटी बिजली तार पर पीपल के पेड़ की डाल टूटकर गिर गई। इससे 75 गांवों की विद्युत आपूर्ति तकरीबन दस घंटे ठप रही। निगम के कर्मचारियों ने डाल काटने के बाद फाॅल्ट ठीक कर बुधवार को दोपहर में आपूर्ति बहाल कराई। ऐसे में तीन कस्बों समेत 75 गांवों के लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी।
खुखुंदू विद्युत उपकेंद्र से चार फीडरों के माध्यम से 250 गांवों में आपूर्ति की जाती है। मंगलवार रात को बैदौली फीडर में फाल्ट होने से इसके अंतर्गत आने वाले खुखुंदू, मुसैला, बड़हरा, बरसात कस्बों और जैतपुरा, जुआफर, मंगराईच, परसिया भंडारी, बहादुरपुर, सुरहां, खिरसर बैदौली एकडंगा समेत तकरीबन 75 गांवों की आपूर्ति आधी रात से ठप हो गई।
निगम के जिम्मेदारों ने बताया कि रात में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के दौरान बैदौली गांव के पास 11 हजार विद्युत तार पर पीपल के पेड़ की डाल टूटकर गिर गई थी। इससे फीडर में फाॅल्ट उत्पन्न हो गया था। उधर, जैसे ही बुधवार दोपहर को फाॅल्ट ठीक कर आपूर्ति बहाल हुई, तब तक कुछ देर बाद ही रोस्टरिंग की कटौती हो गई। ऐसे में लगातार तकरीबन तेरह घंटे कटौती होने के बाद शाम से सही तरीके से आपूर्ति बहाल हो पाई।
जेई उमेश चंद ने बताया कि फाॅल्ट ठीक कर आपूर्ति बहाल करा दी गई है। फाॅल्ट के चलते नहीं रोस्टरिंग की वजह से इतनी लंबी कटौती हुई है।