डेंगू का एक संदिग्ध मरीज अस्पताल में भर्ती
आइसोलेशन वार्ड में चल रहा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है। जिले में हर रोज मरीज मिल रहे हैं। एक संदिग्ध मरीज मिला है। वह दुबई से मुंबई के बाद यहां आया है। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। ब्लड का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। अस्पताल में इस समय पांच लोगों का इलाज चल रहा है।
जनपद में डेंगू फैल रहा है। शहर के कई मोहल्लों के अलावा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मरीज मिल रहे हैं। वहीं, दूसरे जिले तथा गैर प्रांत से आने वाले लोग भी पीड़ित मिल रहे हैं। विकास खंड भागलपुर क्षेत्र के एक गांव का युवक दुबई से चार नवंबर को मुंबई पहुंचा, जहां बुखार से पीड़ित हो गया। उसने प्राइवेट में दवा ली। कुछ आराम मिलने पर चला। वह शुक्रवार को घर पहुंचा। यहां आने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर पीएचसी भागलपुर पहुंचे, जहां जिला अस्पताल के इमरजेंसी में पहुंचे। चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसका इलाज शुरू किया।
लक्षण के आधार पर उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। जांच के लिए ब्लड का सैंपल भेजा गया है। इसे लेकर वार्ड में पति, पत्नी सहित पांच लोगों का इलाज चल रहा है। प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचके मिश्रा ने बताया कि डेंगू के मरीजों के लिए अस्पताल में इलाज के इंतजाम किए गए हैं। आइसोलेशन वार्ड के अलावा अलग से दस बेड का वार्ड बनाया गया है। यहां बेड व दवा की सुविधा है।