संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। तरकुलवा थानाक्षेत्र के देवरिया-कसया मार्ग पर शनिवार की रात में कंचनपुर चट्टी चौराहे के पास एक तेज गति की बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर गड्ढे में गिर गई। इससे बाइक चालक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बाइक की गति काफी तेज थी। बाइक पर सवार तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। घायलों का इलाज महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया में चल रहा है़। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली थाना क्षेत्र के रजला कुर्मी टोला गांव निवासी राकेश निषाद (24) पुत्र राम केवल अपने दो अन्य साथियों छोटू (20) पुत्र बृजमोहन व सिकंदर (22) पुत्र शंभू के साथ बाइक से रिश्तेदारी में गया था।
रात 11:45 के करीब लौटते समय थानाक्षेत्र के कंचनपुर चट्टी चौराहे पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर गड्ढे में गिर गई। इस हादसे में बाइक पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस से तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज देवरिया भेजवाया। जहां डाक्टरों ने बाइक चालक राकेश निषाद को मृत घोषित कर दिया। बाइक पर पीछे सवार दो युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है़। जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
इसकी खबर मिलने पर पत्नी संजना दहाड़ें मार कर रोने लगी। बेटी अदिति (4) व बेटा आदित्य (2) का रो-रोकर बुरा हाल है।