औरंगाबाद थाना क्षेत्र में साइकिल से घर लौट रहे कोल्डड्रिंक विक्रेता की सोमवार रात अज्ञात बदमाशों ने गर्दन काटकर हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्मार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। परिजनों ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
औरंगाबाद थाना क्षेत्र के भंडोरिया गांव निवासी बलवंत जाटव का सबसे छोटा बेटे आकाश (23) की औरंगाबाद स्थित पवसरा रोड पर कोल्डड्रिंक की दुकान थी। रात करीब 9 बजे आकाश दुकान बंद करके साइकिल से अपने गांव वापस लौट रहा था। रास्ते में खाजपुर-असरकपुर के जंगल में अज्ञात बदमाशों ने आकाश की धारदार हथियार से गर्दन काटकर हत्या कर दी। आकाश की रीढ़ की हड्डी भी टूटी हुई मिली है। रीढ़ की हड्डी पर धारदार हथियार के निशान मिले हैं।
वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। डेयरी पर दूध डालकर लौट रहे खाजपुर के ग्रामीणों ने सड़क पर शव पड़ा देख ग्राम प्रधान को सूचना दी। ग्राम प्रधान ने एसओ औरंगाबाद को फोन कर घटना की जानकारी दी। हत्या की सूचना मिलते ही एसओ पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में एसपी सिटी सुरेंद्रनाथ तिवारी और एएसपी अनुकृति शर्मा ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को कारवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्मार्टम के लिए भेज दिया।