चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र के रगौली गांव में शनिवार की रात को शराब के नशे में धुत पति पत्नी से झगड़ा कर मारपीट करने लगा। मौके पर पहुंची रगौली चौकी प्रभारी के समझाने के दौरान वह घर के आंगन में बने कुएं में कूद गया। यह देखकर पुलिसकर्मियों के हाथ पैर फूल गए। ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रगौली के प्रजापति पुरवा निवासी रामऔतार (36) शराब के नशे में धुत पत्नी केशा देवी के साथ झगड़ा कर मारपीट करने लगा। इसी दौरान पड़ोसियों ने इसकी सूचना रगौली पुलिस को दी। रगौली चौकी प्रभारी श्याम सुंदर फोर्स के साथ पहुंचे और रामऔतार को समझाने लगे। इसी दौरान वह घर के आंगन में बने कुएं में कूद गया। यह देखते ही पुलिस के हाथ पैर फूल गए।
पुलिस कर्मियों ने आनन-फानन ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। रविवार को उसकी हालत में सुधार है। रामऔतार ने बताया कि पत्नी के आए दिन परेशान करने फिर पुलिस द्वारा हड़काने से क्षुब्ध हो गया था। नशे में होने के कारण उसे कुछ समझ में नहीं आया था।