चित्रकूट। जिला अस्पताल में उल्टी दस्त, पेट दर्द व डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। शुक्रवार को आठ मरीज डायरिया व उल्टी दस्त के भर्ती हुए हैं। वहीं बुखार से पीड़ित सरधुआ निवासी युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
शुक्रवार को जिला अस्पताल के ओपीडी में 730 मरीज इलाज कराने को पहुंचे। अस्पताल में मरीजों की लंबी भीड़ देखी गई। राजापुर तहसील क्षेत्र के सरधुआ कालोनी पुरवा निवासी बच्चा (२३) को दो दिनों से बुखार से पीडि़त होने पर पिता चुनकू पहलवान ने राजापुर सीएचसी में भर्ती कराया।
शुक्रवार को हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में युवक की मौत हो गई। उधर, इमरजेंसी वार्ड में उल्टी दस्त, डायरिया व पेट दर्द के मरीज इलाज कराने को पहुंचे। सदर बाजार निवासी विनय गुप्ता की 12 वर्षीय पुत्री स्वप्निका, अकवरिया रैपुरा निवासी दिनेश का दो वर्षीय पुत्र कपिल, भैरो पागा निवासी अमरीश का चार वर्षीय पुत्र देवांश, बकटा बुजुर्ग पहाड़ी निवासी पवन की सात वर्षीय पुत्री निष्ठा, छिवलहा मऊ निवासी गोविंद की 17 वर्षीय पुत्री वंदना, सरैंया मानिकपुर निवासी कल्लू (40), बसिला रैपुरा निवासी सिद्दू (21) व बनाड़ी निवासी अरुणा (35) को उल्टी दस्त, पेटदर्द व डायरिया के चलते जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।