चित्रकूट। बाइक से लौटते समय ट्रक की टक्कर से युवक की मौत हो गई। साथी गंभीर घायल हो गया। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
जानकारी के मुताबिक बहिलपुरवा थानाक्षेत्र के छीतूपुर गांव निवासी बालकुमार वर्मा (20) पुत्र इंद्रपाल व राम विलास (28) पुत्र रामसिया कोर्ट में तारीख पर आए थे। लौटते समय देवांगना घाटी के समीप सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसमें बालकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। रामविलास गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजा। जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर प्रयागराज रेफर कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है। चार भाइयों में मृतक सबसे छोटा था। वह कृषि कार्य कर जीविकोपार्जन करता था। भाई राजेंद्र ने बताया कि फरवरी माह में विवाह होना था।