शिवरामपुर (चित्रकूट)। सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के शिवरामपुर कस्बे के पास मंगलवार दोपहर को आमने-सामने दो बाइकों के बीच टक्कर हो गई थी।
शिवरामपुर के परसादी पुरवा निवासी बाइक सवार सुरेश (35) व शिवरामपुर कस्बा निवासी बाइक सवार संजीव (30) घायल हो गए थे। दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया था। सुरेश की हालत नाजुक होने के चलते उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां डॉ. ने सुरेश का प्राथमिक उपचार कर प्रयागराज रेफर कर दिया। बुधवार सुबह प्रयागराज में इलाज के दौरान सुरेश की मौत हो गई। परिजन शव लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। गांव के बाहर उसका अंतिम संस्कार किया गया। (संवाद)