चित्रकूट। राजापुर तहसील के उन्नाय बन्ना गांव की दो दर्जन ग्रामीण महिलाएं बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंची। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने बताया कि 500 मीटर कच्चा रास्ता बारिश में कीचड़ बन गया है। यह रास्ता ग्राम पंचायत सचिवालय और जूनियर स्कूल तक जाता है। कीचड़ से बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है। मरीजों को चारपाई पर लादकर ले जाना पड़ता है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि प्रभावशाली लोगों के घरों के सामने सड़क बनी पर उनके मोहल्ले की अनदेखी हुई। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने गांव आकर स्थिति देखने का आश्वासन दिया है। ज्ञापन देने वालों में राजकुमार, मुन्नी देवी, कविता सहित कई ग्रामीण शामिल थे। (संवाद)