मानिकपुर (चित्रकूट)। उफनाई नदी से गुजर रही बस की स्टीयरिंग फेल होने की अफवाह पर महिला बस से कूद गई। नदी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
शनिवार की दोपहर बरदहा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था। पानी सड़क के रपटे के ऊपर बह रहा है।
मध्यप्रदेश क्षेत्र के डभौरा से चलने वाली बस मानिकपुर आ रही थी। नदी किनारे खड़े लोगों ने चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। बस धीरे-धीरे बरहदा नदी के रपटे को पार कर रही थी। पानी अधिक होने से बस बीच में फंस गई। किसी यात्री ने अफवाह फैला दिया कि स्टीयरिंग फेल हो गई। इस पर यात्री बस से कूदकर भागने लगे।
मध्य प्रदेश के रींवा के जवा थाना क्षेत्र के मदरी गुडआई गांव की शकुंतला देवी (52) पत्नी लच्छू कोल बस से कूदते समय फिसलकर नदी में गिरकर डूबने लगी। यात्रियों ने पानी ने बाहर निकाला और सीएचसी पहुंचाया। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महिला पानी में डूब गई थी। कुछ अन्य यात्रियों को बस से कूदने से हल्की चोटें आई हैं, जो बिना इलाज कराए घर चले गए। मानिकपुर थानाध्यक्ष गिरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस मामले में अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है।