चित्रकूट। सावन माह में पूजन के लिए मंदिर जा रही महिला करंट की चपेट में आकर झुलस गई। अन्य महिलाओं ने देखा तो परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर आक्रोश जताया है।
भरतकूप थाना क्षेत्र के रसिन निवासी रचना त्रिपाठी (26) शनिवार को रसिन बांध स्थित मंदिर में दर्शन करने गई थी। मंदिर के पास के रास्ते में ऊपर से गुजरी 11 हजार की हाइटेंशन तार बेहद नजदीक होने के कारण उसका हाथ करंट की चपेट में आ गया और वह झुलसकर बेहोश हो गई। मंदिर में दर्शन कर रही अन्य महिलाओं ने देखा तो परिजनों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
उधर, गांव के राजकुमार, रामनरेश पांडेय, लवकुश त्रिपाठी व श्यामदत्त ने बताया कि मंदिर के ऊपर से गुजरी हाइटेंशन तार कई माह से ढीली है। इसके चलते कई जानवर व श्रद्धालु इसकी चपेट में आ चुके हैं। कई बार विद्युत विभाग से शिकायत की गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जाता है।