चित्रकूट। सदर कोतवाली अंतर्गत कटरा गूदर निवासी महिला की की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। मृतका के मायका पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। ससुरालीजनों का कहना कि पानी भरकर लाते समय गिरने से लगी चोट की वजह से उसकी मौत हुई है।
कटरा गूदर सीतापुर निवासी पूनम (27) की पहली शादी बदौसा निवासी जगप्रसाद से हुई थी लेकिन पति द्वारा प्रताडऩा के चलते वह मायके आकर रहने लगी। उसकी मां गायत्री ने बताया कि तीन साल पहले पूनम ने सीतापुर निवासी अरविंद से कोर्ट मैरिज की थी लेकिन शादी के कुछ समय बाद से ही अरविंद भी उसे प्रताडि़त करने लगा।
बताया कि रविवार की रात उसके पति अरविंद ने परिजनों को फोन कर उसकी गिरने से मौत होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को बुलाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। सास उमादेवी ने बताया कि दो दिन पूर्व पानी भरते समय बाल्टी लेकर बहू पूनम घर में गिर गई थी। जिससे उसको चोट लगी थी इलाज के दौरान उसकी मौत हुई है।
इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीतापुर चौकी प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि परिजनों के आरोपों के आधार पर पति अरविंद से पूछताछ कर रही है। बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।