पहाड़ी (चित्रकूट)। पति से फोन पर हुए विवाद के बाद पत्नी कमरा बंदकर साड़ी से फंदा लगा लिया। परिजनों ने इसकी सूचना पड़ोसियों को दी। आनन-फानन उसे नीचे उतारा, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
पहाड़ी थाना क्षेत्र के बारामाफी निवासी चाचा रामस्वरूप यादव ने बताया कि भतीजा श्यामसुंदर यादव गुजरात में प्राइवेट नौकरी करता है। गुरुवार की शाम को पत्नी आरती देवी (30) ने पति श्यामसुंदर से फोन पर बात की थी। चार माह से उसके घर न आने को लेकर फोन पर पति से विवाद हो गया था।
इसी से नाराज होकर कमरा बंदकर साड़ी के फंदे से झूल गई। थोड़ी देर बाद जब सास भगवतिया देवी ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया तो दरवाजा नहीं खुला। पड़ोसियों को इस बात की जानकारी दी।
पड़ोसियों ने आनन-फानन दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। यह सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। मृतका के एक पुत्र व एक पुत्री है। इस संबंध में थाना प्रभारी श्याम प्रताप पटेल ने बताया कि पति के कई माह से घर न आने और कई घरेलू समस्याओं का निदान न हो पाने से महिला के नाराज होने की जानकारी मिली है। इसे लेकर यह आत्मघाती कदम उठाने की संभावना है।