01 सीकेटीपी-06 तालाब से निकलते पानी को देखते एसडीएम। संवाद
मऊ (चित्रकूट)। क्षेत्र की ग्राम पंचायत अहिरी में लगातार बारिश से तालाब उफना गया। तालाब का पानी दो विद्यालयों के परिसर में भर गया। क्लासरूम, शौचालय और रसोई सहित पूरे परिसर में घुटने भर पानी जमा हो गया था। इससे छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को भारी परेशानी हुई। ग्राम प्रधान और खंड शिक्षा अधिकारी कृष्ण दत्त पांडेय ने एसडीएम मऊ राम ऋषि रमन को सूचना दी। एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर तालाब व विद्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने जेसीबी मंगाकर तालाब की मेड़ कटवाई और पानी की निकासी कराई। पानी निकलने के बाद विद्यालय परिसर से जलभराव कम हुआ। बच्चों ने राहत की सांस ली। एसडीएम ने बताया कि काटी गई मेड़ पर जल्द पुलिया डाली जाएगी। भविष्य में जल निकासी बाधित न हो, इसके लिए ग्राम प्रधान को निर्देश दिए गए हैं। (संवाद)