मऊ (चित्रकूट)। बरगढ़ थाने के एक दरोगा पर लकड़ी ढुलान कर रहे तीन ग्रामीणों को पीटने का आरोप लगा है। पिटे ग्रामीणों ने बताया कि दरोगा ने उनकी जेब में रखे दस हजार रुपये भी छीन लिये साथ धमकी दी है कि 50 हजार और पहुंचा दो नहीं तो जेल भेज देगा।
सिकरौं गांव निवासी अरविंद पासवान, बल्लू राम रामसरन ने शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में मऊ में शिकायती पत्र दिया। बताया कि शुक्रवार को बरगढ़ थाना क्षेत्र के चुड़हाखोहर गांव के पास बबूल की लकड़ी ले जा रहे थे। इसी बीच थाने के दरोगा रामाधार यादव एक युवक के साथ आए और पीटने लगे। विरोध किया तो दरोगा ने जेब में रखे दस हजार रुपये छीन लिये। धमकी दी कि 50 हजार रुपये और दो नहीं तो जेल में डाल देेंगे। यह भी बताया कि शुक्रवार को ही वह थाने व सीओ कार्यालय गए, लेकिन कोई नहीं मिला तो लौट आए।
बरगढ़ थाना प्रभारी राकेश मौर्य ने बताया कि लकड़ी चोरी की वन विभाग व स्थानीय लोगों की सूचना पर दरोगा रामाधार व एक अन्य युवक मौके पर गए थे। किसी तरह की मारपीट नहीं हुई है और न किसी के रुपये छीने हैं। ग्रामीण गलत आरोप लगा रहे हैं।