राजापुर(चित्रकूट)। कौशांबी जिले से गांजा लाकर राजापुर के कुसैली गांव जा रहे एक वाहन (जायलो) को पुलिस ने पकड़ा है। इसमें तीन किलो गांजे के साथ दो युवक भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों को गांजे का व्यापारी बताया गया है। इसमें से एक आरोपी निवर्तमान प्रधान पुत्र है। थाना पुलिस टीम मुखबिर की सूचना पर बुधवार की रात को यमुना पुल से लेकर कमासिन मार्ग में चेकिंग अभियान चलाया था। कुसैली गांव के मोड़ पर संदेह होने पर पुलिस टीम ने एक सफेद रंग की वाहन को रोका। पुलिस को देखते ही उस पर सवार दो युवक किनारे गाड़ी को खड़ा कर भागने का प्रयास करने लगे। पर पुलिसकर्मियों ने दोनों को पकड़ लिया। थाना प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि रैपुरा के रामनगर निवासी धर्मराज वर्मा व छीबों निवासी राकेश सिंह को पकड़ा गया है। उनके वाहन में तीन किलो गांजा भी बरामद हुआ है। पूछताछ व लिखापढ़ी के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है। उधर, पहाड़ी थाना क्षेत्र के कुचारम मोड़ के पास पुलिस ने परसौंजा निवासी सोनू साहू को छह सौ ग्राम गांजा के साथ पकड़ा है। थाना प्रभारी अवधेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी को जेल भेजा गया है।