चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र के देवांगना हवाई पट्टी मार्ग पर ट्रैक्टर की टक्कर से दो बाइकों में सवार छह लोग घायल हो गए। हेलमेट न लगाए होने से सिर पर गंभीर चोटें आईं, इलाज के दौरान मामा-भांजे की मौत हो गई। गंभीर घायल चार अन्य लोगों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के कैलहा गांव निवासी सोनू (25) पुत्र हीरालाल प्रजापति, उसकी पत्नी नीलम (21) व भतीजी खुशी (12) पुत्री बैजनाथ, दूसरी बाइक में कर्वी कोतवाली अंतर्गत लौढि़या बुजुर्ग निवासी मामा तीरथ (22) पुत्र मेड़ेलाल, भांजा पंकज (6) पुत्र इंद्रजीत व दोस्त बुद्धराज (25) पुत्र शिव भवन शनिवार की देर शाम को देवांगना हवाई पट्टी मार्ग से होते हुए गांव जा रहे थे। तभी सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने दोनों बाइक पर टक्कर मार दी थी। इसमें दोनों बाइकों में सवार छह लोग घायल हो गए थे। एंबुलेंस की मदद से सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मामा तीरथ, भांजा पंकज समेत बुद्धराज की हालत गंभीर होने पर प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया था। रविवार की सुबह प्रयागराज में इलाज के दौरान मामा-भांजे की मौत हो गई। परिजन दोनों के शव लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। बाइक चालकों ने हेलमेट नहीं लगाए थे।
एलएलबी का छात्र था तीरथ
तीरथ के चाचा संतोष कुमार व दादा प्रेम प्रजापति ने बताया कि शनिवार को तीरथ अपने भांजे व दोस्त बुद्धराज के साथ मध्य प्रदेश क्षेत्र के सेजवार के भैंरव बाबा में भंडारे में गया था और लौटते समय हादसा हो गया। तीरथ दो भाइयों व तीन बहनों में दूसरे नंबर का था और वह बांदा से एलएलबी कर रहा था। उधर, पंकज दो बहनों में इकलौता था।