भरथना। बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी के चुनाव के लिए जमा नामांकन पत्रों की जांच में कोषाध्यक्ष व मंत्री पद के एक-एक प्रत्याशी का पर्चा निरस्त किया गया। एल्डर्स कमेटी की देखरेख में चल रही चुनावी प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच की गई। जांच में कोषाध्यक्ष पद के लिए अनुपम कुमार का पर्चा व मंत्री पद के लिए शिवप्रताप सिंह का पर्चा निरस्त किया गया। एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष आदित्य प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि एसोसिएशन की नियमावली के अनुसार निवर्तमान कमेटी में शामिल पदाधिकारी को लगातार दूसरी बार चुनाव में नामांकन नहीं कर सकते, एक वर्ष का अंतराल अनिवार्य है। इसी नियम के तहत दोनों प्रत्याशियों के नामांकन पत्र निरस्त किए गए है। अध्यक्ष पद के दो दावेदारों समेत अलग अलग पदों के कुल 20 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र सही पाए गए। 29 अक्तूबर को होने वाले मतदान के लिए शनिवार को नामांकन पत्र वापसी की तिथि निर्धारित है। जांच के दौरान एल्डर्स कमेटी के सदस्य राघवेंद्र श्रीवास्तव, रामकुमार यादव, सुभाषचंद्र यादव, रामपाल सिंह मौजूद रहे।