राजापुर (चित्रकूट)। पुलिस ने दो अंतरजनपदीय चोरों को पकड़ा है। इनके कब्जे से चोरी की दो बाइकें, तमंचा, कारतूस सहित 1900 रुपये बरामद हुए हैं।
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि बुधवार की रात में थाने के एसआई इमरान खान टीम के साथ गश्त पर थे। लगभग 10 बजे फायर स्टेशन के पास दो बाइक पर दो व्यक्ति संदिग्ध दिखे। जिन्हें घेरकर पकड़ा। उन्होंने अपना नाम व पता टेवा थाना मंझनपुर जिला कौशांबी निवासी रंजीत कुमार उर्फ नरबद लोधी व भरसवा मंझनपुर निवासी नसीम बताया। इनके कब्जे से चोरी की दो बाइकें, तमंचा, कारतूस व 1900 रुपये बरामद हुए।
जानकारी करने पर पता चला कि बाइक चोरी के संबंध में थाना मंझनपुर में मामला दर्ज है, जिसे 16 अगस्त को टेवा चौराहा थाना पश्चिमशरीरा से चोरी की थी। दूसरी बाइक पर ट्रक का नंबर था। चेचिस नंबर को हथौड़े की मदद से मिटा दिया है। दोनों चोरों के विरुद्ध कौशांबी व चित्रकूट जिले में कई मामले दर्ज हैं। पूछताछ में बताया कि करीब चार माह पहले राजापुर सरकारी अस्पताल कंपाउंड से स्पलेंडर प्लस काले रंग की बाइक चोरी की थी। उसे एक राहगीर को गुमराह कर सात हजार रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने बरामदगी की धारा में बढ़ोत्तरी कर कार्रवाई की है।