गमगीन अवस्था में बैठे मृतक किसान के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
चित्रकूट/पहाड़ी। खेत में सिंचाई करने गए किसान के अलावा मुख्यालय में एक वृद्ध की ठंड लगने से मौत हो गई। एसडीएम के निर्देश पर किसान के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। वह नि:शक्त भी था। पहाड़ी थाना क्षेत्र के साईंपुर माफी निवासी रन्नो देवी यादव ने बताया कि बुधवार की देर शाम को उसके पति रामसजीवन यादव (55) घर से चाय पीकर खेत गए थे। खेत में बोई गेहूं की फसल पर पानी लगाए थे। इसी बीच अचानक वह गिरकर बेहोश हो गए। आसपास के लोगों ने देखा तो उठाकर घर लाए लेकिन जब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पत्नी ने दावा किया कि पति की मौत ठंड लगने से हुई है। इसकी जानकारी होने पर तहसीलदार जेपी मित्तल ने पुलिस को सूचना दी और पोस्टमार्टम कराने को कहा। तहसीलदार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा कि मौत ठंड से हुई है या हार्टफेल होने से हुई। मृतक की तीन पुत्रियां हैं जिनमें दो की शादी हो चुकी है। उसके नाम दो बीघे जमीन है। इसके अलावा राजापुर थानाक्षेत्र के नांदिन कुर्मियान निवासी रामचंद्र (85) को गुरुवार सुबह घर में ठंड लगने की शिकायत हुई। गुरुवार की सुबह परिजन उन्हेें जिला अस्पताल लाए। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद परिजन उनका शव गांव ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया।