पहाड़ी (चित्रकूट)। बक्टा गांव के पास दंडवती परिक्रमा कर रहे श्रद्धालुओं को शनिवार की रात करीब दो बजे गिट्टी लदे ट्रक ने रौंद दिया। इस हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि चार श्रद्धालु घायल हो गए। चालक ट्रक लेकर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
पहाड़ी थाना क्षेत्र के सकरौली निवासी बृजलाल (45) मनौती पूरी करने के लिए बेटे बाबूलाल (26) के साथ शनिवार की रात को परिवार के नौ लोगों के साथ दंडवती परिक्रमा शुरू की थी। ये लोग राजापुर क्षेत्र के अनीपुर के भैरम बाबा जा रहे थे। श्रद्धालुओं ने बताया कि बक्टा बुजुर्ग गांव के पास कर्वी से राजापुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार गिट्टी लदे ट्रक ने श्रद्धालुओं को रौंद दिया। बृजलाल और पुत्र बाबूलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिलखनी निवासी रामजी (42), अनीपुर निवासी रामनरेश (40) व कमलेश (30) व सिंहपुर बिसंडा निवासी रामप्रकाश (25) घायल हो गए। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर मौके से भाग गया।
श्रद्धालुओं के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर पास की बस्ती के लोग पहुंचे। पुलिस को सूचना दी। पहाड़ी थाना प्रभारी नागेंद्र नागर फोर्स के साथ पहुंचे और सभी को सीएचसी लेकर आए। पिता-पुत्र की मौत की डॉक्टरों ने पुष्टि कर दी। घायलों को भर्ती किया गया। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात ट्रक व चालक की तलाश की जा रही है।