भौंरी (चित्रकूट)। झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के भौंरी के पास बाइक से खेत देखने जा रहे मां बेटे को तेज रफ्तार से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें बाइक से गिरकर मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर महिला को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
रैपुरा थाना क्षेत्र के भौंरी निवासी शांति देवी (70) अपने पुत्र धर्मेंद्र त्रिपाठी (50) के साथ बाइक से खेत देखने जा रही थीं। भौंरी गांव से 200 मीटर आगे राष्ट्रीय राजमार्ग के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक पर टक्कर मार दी। इसके चलते सड़क पर गिरकर मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह देखकर ड्राइवर ट्रक लेकर मौके से भाग गया। घटना की जानकारी होते ही रैपुरा थाना प्रभारी शैलेंद्र चंद्र पांडेय ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और इसकी सूचना परिजनों को दी। डॉक्टर ने शांति देवी को मृत घोषित कर दिया। घायल धर्मेंद्र को चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार कर सतना रेफर कर दिया। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था।