चित्रकूट। शहर के देवांगना मार्ग पर सोमवार की सुबह नो इंट्री का उल्लंघन कर भाग रहे ट्रक चालक की यातायात विभाग के एक सिपाही ने पकड़कर डंडो से पिटाई कर दी। इसका वीडियो वायरल होने पर पुलिस अधीक्षक ने यातायात सिपाही को निलंबित कर दिया।
सोमवार की सुबह नो इंट्री के दौरान केला लदा ट्रक गुजर रहा था। तभी ड्यूटी पर तैनात यातायात सिपाही शिव नारायण वर्मा ने ट्रक रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। बैरियर तोड़ता हुआ ट्रक भागा। इस पर सिपाही ने बाइक से पीछा कर ट्रक रोक लिया और चालक को नीचे उतार कर डंडे से पीटने लगा। इसका ट्रक में बैठे परिचालक ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने पर तरह-तरह के कमेंट सोशल मीडिया में आने लगे।
मामले की जानकारी होने पर एसपी अरुण कुमार सिंह ने तत्काल प्रभाव से यातायात सिपाही को निलंबित कर दिया। बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ भी सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, बैरियर तोड़ने व सिपाही के ऊपर ट्रक चढ़ाकर मारने की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज की है।
बैरियर तोड़कर एक ट्रक चालक भागा, दूसरे को पकड़ा
चित्रकूट। नो इंट्री के समय सोनेपुर स्थित बैरियर के पर यातायात सिपाही शिव नारायण वर्मा ने ट्रकों को खड़ा कराया। इसी दौरान एक ट्रक चालक जबरन बैरियर तोड़ते हुए धनुष चौराहा से निकलकर लोढ़वारा के बैरियर को तोड दिया और भाग गया। इसकी सूचना सिपाही ने लोढ़वारा के पास लगे बैरियर पर तैनात यातायात पुलिस को दे दिया था, लेकिन ट्रक की गति तेज होने के चलते नहीं रोक सके। इसी बीच दूसरे ट्रक चालक ने निकलने का प्रयास किया। सिपाही ने रोका तो वह नहीं रुका। इस पर सिपाही ने दौड़ाकर ट्रक को रोका और चालक को नीचे उतारकर पिटाई कर दी।
सिपाही ने रोका तो ट्रक चालक ने की अभद्रता
चित्रकूट। यातायात प्रभारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि सवेरे सवा छह बजे केला लदे दो ट्रक आए। जिन्हे यातायात सिपाही ने रोक दिया। कहा कि सूचना आने पर जाने दिया जाएगा। तभी ट्रक को चालक ने स्टार्ट किया। सिपाही के पूछने पर चालक ने कहा कंप्रेशर डाउन है। इसी दौरान ट्रक चालक आगे निकल गया। इस पर सिपाही ने लोढ़वारा नो इंट्री में सूचना दिया। जहां बैरियर लगा दिया गया था। जिसे तोड़ते हुए ट्रक चालक निकल गया। इधर सोनेपुर नो इंट्री से दूसरा ट्रक चालक जाने लगा। जिसे सिपाही ने रोका तो चालक ने सिपाही की कालर पकड़ लिया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। टीआई ने बताया कि ट्रक में कच्चा माल लदा होने के चलते वाहन का चालान कर जाने दिया गया है। दोनों ट्रक चालकों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी गई है।