चित्रकूट। जल जीवन मिशन योजना के चोरी हुए 100 पाइपों से लदी डीसीएम को पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने तीन चोरों को पकड़ लिया, लेकिन तीन चोर भाग गए। चोरों के कब्जे से इनोवा कार भी बरामद हुई है। पकड़े गए चोरों में दो कानपुर और एक फतेहपुर का है। बरामद पाइपों की कीमत लगभग 12 लाख रुपये है।
बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित राघव प्रेक्षागार में एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पांच जून को कलक्ट्रेट मार्ग स्थित राणन तालाब के पास जल जीवन मिशन के रखे 100 पाइप चोरी हो गए थे। इसकी रिपोर्ट ठेकेदार संतोष द्विवेदी ने कोतवाली में दर्ज कराई थी। मामले के खुलासे में एएसपी चक्रपाणि त्रिपाठी, सीओ सिटी राजकमल, कोतवाल उपेंद्र सिंह के साथ एसओजी प्रभारी एमपी त्रिपाठी की टीम जुटी थी। सर्विलांस व मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बुधवार की रात बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे अंडरब्रिज के समीप छिपाकर रखे डीसीएम में लदे चोरी के पाइप बरामद कर लिए।
बताया कि पुलिस को देखकर इनोवा में सवार फतेहपुर के गुदरौली थाना औंग निवासी अजय सिंह उर्फ छोटू , कानपुर के थाना महाराज के अहिमा निवासी महेंद्र यादव व महाराजपुर थाने के बड़ा गांव निवासी कमल कुशवाहा को भागने के पहले ही गिरफ्तार कर लिया। दूसरी दिशा में मौजूद चोरी में शामिल शुभम पटेल, महेंद्र यादव और राहुल यादव भाग गए। इनकी तलाश की जा रही है।
इनसेट
बेचने जा रहे थे पाइप
एसपी ने बताया कि चोरी करने के बाद पाइपों को भरतकूप के जंगल में छिपाया गया था। इन्हें रात में डीसीएम में लादकर बेचने जा रहे थे। इनोवा कार से रेकी के बाद चोरों ने पाइपें चोरी की थी। कानपुर, लखनऊ व बांदा में किसी पार्टी से सौदा तय होने के बाद इन्हें बेचने जा रहे थे। गौरतलब है कि रैपुरा थाना क्षेत्र में भी लगभग 9 माह पूर्व ऐसे ही पाइपों की चोरी हुई थी। पकड़े गये चोरों ने बताया था कि कानपुर की एक फैक्टरी में पाइप बेचे थे।