चित्रकूट । डीसीएफ कार्यालय में हुई बोर्ड बैठक में सर्व सम्मति से धर्मनगरी चित्रकूट के किसानों के ठहरने के लिए बहुउद्देश्यीय भवन निर्माण का प्रस्ताव पारित किया। इसका निर्माण सहकारिता से धन आने के बाद जमीन चिन्हित कर कराया जाएगा।
पूर्व राज्य मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, पीएन सिंह, डीसीएफ अध्यक्ष योगेश जैन, उपाध्यक्ष आलोक द्विवेदी, सहकारिता से राजेश मिश्रा, सहायक निदेशक राजवीर सिंह व नव नियुक्त कोआपरेटिव बैंक के चेयरमैन पंकज अग्रवाल समेत बोर्ड के अन्य डायरेक्टर मौजूद रहे।
प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा हुई। सीजन में किसानों का निशुल्क मृदा परीक्षण, खाद की नई दुकानें व एक बहुउद्देश्यीय किसान भवन बनाने का प्रस्ताव आया। डीसीएफ अध्यक्ष ने बताया कि किसान भवन धर्मनगरी चित्रकूट में तीन मंजिल का बनाया जाएगा।
प्रथम तल पर रैन बसेरा होगा। दूसरे तल में लॉकर सुविधा एवं तीसरे तल में कार्यालय के साथ ही गेस्ट हाउस जैसी सुविधाएं रहेंगी। किसान तीर्थ यात्रियों के ठहरने की सुविधा मिलेगी।