खोही (चित्रकूट)। चित्रकूट मप्र के मझगवां थाना अंतर्गत सतना मार्ग के भरगवां मोड़ के पास तेज रफतार से जा रहे ट्रक ने सामने से कार पर टक्कर मार दी। इससे कार सवार तीन की मौत हो गई। चार अन्य घायल हो गए। सभी दमोह व सागर जिले से चित्रकूट तीर्थ स्थान दर्शन करने के लिए आ रहे थे।
दमोह व सागर जिले के दो परिवार के सदस्य शनिवार की सुबह कार से चित्रकूट तीर्थ स्थान में दर्शन करने के लिए आ रहे थे। जैसे ही चित्रकूट -सतना मार्ग के भरगवां मोड़ के पास पहुंंचे सामने से तेज रफ्तार से आए ट्रक ने कार पर टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के अगले हिस्से में आधा घुस गया। यह देखते ही मौके पर स्थानीय लोग व पुलिस पहुंची।
क्रेन से कार को ट्रक से बाहर निकाल उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसमें सागर जिला के नेहा नगर मारकोनिया निवासी चंद्रभान तिवारी (45) व सुदामा दुबे (75) की मौत मौके पर हो गई। दमोह निवासी प्राची तिवारी (22) की मौत इलाज के दौरान अस्पताल में हो गई। घायलों में दमोह नाका जबलपुर निवासी अलका तिवारी, अकांक्षा दुबे व दो बच्चे दुर्गेश दुबे, अक्षांत दुबे घायल हो गए। जिसमें अक्षांत की हालत गंभीर हैं। घायलों को सतना शहर के बिरला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने ट्रक व कार को सडक़ से हटवाकर किनारे खड़ी कराया है।